nNBT न्यूज, लखनऊ : चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सोमवार को एक अन्य टैक्सी-वे का आगाज हुआ। एयरपोर्ट के सीएओ दर्शन सिंह ने पूजा कर नए टैक्सी-वे की शुरुआत की। एयरपोर्ट पर नया टैक्सी-वे बनने से अब यहां विमानों की होल्डिंग क्षमता बढ़ जाएगी, जिससे अब एक ही समय में पहले से अधिक विमान ऑपरेशन के लिए तैयार हो सकेंगे।
अब एयरपोर्ट पर टैक्सी-वे की संख्या सात से बढ़कर आठ हो गई है। एयरपोर्ट सूत्रों ने बताया कि लखनऊ एयरपोर्ट से प्रतिदिन 17 हजार यात्री सफर करते हैं। इन यात्रियों के लिए 110 से 116 विमानों का ऑपरेशन होता है। इसमें सुबह और शाम को पीक समय में विमानों का अधिक संचालन होता है।
लखनऊ एयरपोर्ट पर टैक्सी-वे की संख्या मौजूदा क्षमता के अनुसार कम है। विशेषकर शहर में होने वाली समिट जैसे बड़े-बड़े आयोजन के दौरान यहां पर निजी चार्टर और विमानों से आने वाले अतिथियों को स्थान उपलब्ध करवा पाना चुनौती भरा होता है। ऐसे में यह नया टैक्सी-वे बनने से लखनऊ एयरपोर्ट प्रबंधन तेजी से विमानों का ऑपरेशन कर सकेगा। एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक इस वर्ष की शुरुआत में लखनऊ एयरपोर्ट पर पांच ही टैक्सी-वे थे। दो नए टैक्सी-वे का उद् घाटन इसी वर्ष किया गया है।


