nNBT रिपोर्ट, नई दिल्ली
सिग्नेर ब्रिज के पास शनिवार-रविवार देर रात 17 वर्षीय बाइक सवार की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उनका 16 साल का साथी मामूली रूप से घायल हो गया। दोनों बाइक से कालकाजी मंदिर जा रहे थे। सिग्नेचर ब्रिज के पास बाइक ट्रॉले में जा घुसी। मृतक की पहचान करावल नगर निवासी 17 वर्षीय निखिल के तौर पर हुई है। वहीं घायल की पहचान 16 वर्षीय इंद्रजीत के तौर पर हुई है।
हादसे के वक्त बाइक पर निखिल के बड़े भाई 21 वर्षीय गोविंद भी सवार थे। वह बाल-बाल बच गया। उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। न्यू उस्मानपुर पुलिस ने बीएनएस की धारा 281/125(ए) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी खंगालकर फरार ट्रॉला ड्राइवर का पता कर रही है।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक 17 वर्षीय निखिल अपने परिवार के साथ करावल नगर एक्सटेंशन में रहते थे। परिवार में पिता राजेन्द्र, मां, भाई समेत अन्य सदस्य हैं। घायल इंद्रजीत भी अपने पिता बॉबी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ करावल नगर में ही रहते हैं। शनिवार देर रात निखिल अपने बड़े भाई गोविंद और दोस्त इंद्रजीत के साथ बाइक से कालकाजी माता मंदिर जाने के लिए निकले थे। जब वह सिग्नेचर ब्रिज के पास पहुंचे। तभी उनकी बाइक ट्रॉले में पीछे से जाकर टकरा गई।
टक्कर लगते ही गोविंद और इंद्रजीत पीछे ही गिर गए और उनको चोटें आईं। जबकि निखिल बाइक समेत ट्रॉले में घुस गए। आशंका जताई जा रही है कि ट्रॉले के अचानक रुकने या ब्रेक लगाने के चलते हादसा हुआ है।
नॉर्थ ईस्ट जिला के डीसीपी आशीष मिश्रा ने बताया कि 22/23 मार्च की रात न्यू उस्मानपुर पुलिस स्टेशन को एक हादसे की सूचना मिली थी। पुलिस सिग्नेचर ब्रिज के पास पहुंची। वहां बाइक दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली।
जांच में पता चला कि घायल लोगों को सुश्रुत ट्रॉमा सेंटर, सिविल लाइंस में भर्ती कराया जा चुका था। ट्रॉमा सेंटर पहुंचने पर पता चला कि घायल निखिल को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। वहीं घायल इंद्रजीत को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई थी। मौके से फरेंसिक टीम ने भी सबूत जुटाए हैं। फिलहाल पुलिस फरार ट्रॉला ड्राइवर की तलाश कर रही है।


