n NBT रिपोर्ट, वसुंधरा
सेक्टर-5 स्थित ऑलिव काउंटी सोसायटी के पास बने एक बड़े कमर्शल वेयरहाउस के कारण स्थानीय निवासियों का जीवन मुश्किल होता जा रहा है। सोसायटी के निवासियों ने इस समस्या को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को लिखित शिकायत भी दी है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। अपार्टमेंट ओनर्स असोसिएशन (AOA) की तरफ से जिला मजिस्ट्रेट को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि ज़ेप्टो (Zepto) कंपनी का एक बड़ा वेयरहाउस कमर्शल कॉम्प्लेक्स में संचालित हो रहा है। इस वेयरहाउस के कारण दिनभर मोटरसाइकल, कार, डिलीवरी वाहन और भारी ट्रकों की आवाजाही बनी रहती है, जिससे सड़क पर अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है।
फुटपाथ में हो रहा अतिक्रमण
निवासियों का आरोप है कि डिलीवरी से जुड़े वाहन फुटपाथ पर कब्जा कर लेते हैं, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। कई बार इस कारण दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। सोसायटी के निवासी और वरिष्ठ सीनियर सिटीजन सतीश गुप्ता ने बताया कि रात में भी नहीं राहत मिलती है। देर रात तक भारी ट्रकों से सामान लोडिंग-अनलोडिंग होती रहती है, जिससे शोर-शराबा बना रहता है और लोगों की नींद प्रभावित होती है। खासकर बुजुर्ग और बच्चों को इससे काफी परेशानी हो रही है।
क्षेत्र में अवैध पार्किंग की समस्या है, जिसके कारण आम लोगों को आने-जाने में दिक्कत होती है। हालांकि पुलिस ने यातायात नियमों के तहत चालान की कार्रवाई की बात कही है, लेकिन निवासियों का कहना है कि यह पर्याप्त नहीं है। सोसायटी के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस वेयरहाउस के संचालन को नियंत्रित किया जाए या इसे रिहायशी क्षेत्र से हटाया जाए, ताकि क्षेत्र में यातायात और शोर की समस्या से राहत मिल सके।

