nNBT न्यूज, मेरठ: घरेलू गैस सिलिंडरों के व्यावसायिक इस्तेमाल की शिकायतों पर आपूर्ति विभाग की टीम ने शुक्रवार को कई जगह छापे मारे। टीम ने हापुड़ रोड स्थित एसके चिकन पॉइंट समेत अन्य रेस्तरां में घरेलू गैस सिलिंडर का इस्तेमाल पकड़ा। सिलिंडर जब्त करने के साथ ही दो रेस्तरां और एक टी स्टॉल संचालक के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि गैस एजेंसी कर्मचारियों की मिलीभगत से पूरा खेल चल रहा है। एक तरफ आम उपभोक्ता सिलिंडर के लिए परेशान हैं, वहीं रेस्तरां संचालकों से रुपये लेकर सिलिंडर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। डीएम डॉ. वीके सिंह के अनुसार गैस सिलिंडर की कालाबाजारी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी और जरूरत पड़ने पर लाइसेंस तक रद्द किया जाएगा।

