n NBT न्यूज, गाजियाबाद : रामनवमी के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश के चलते शहर के सरकारी अस्पतालों में समय से पहले ओपीडी बंद होने से मरीजों को काफी परेशानी हुई। सुबह से ही इलाज की उम्मीद लेकर पहुंचे कई लोग अस्पताल परिसर में भटकते नजर आए। शुक्रवार को एमएमजी अस्पताल में कुल 1002 मरीजों का पंजीकरण हुआ। वहीं संयुक्त अस्पताल में 118 मरीजों ने पंजीकरण कराया। सामान्य दिनों में एमएमजी में ढाई से तीन हजार और संयुक्त अस्पताल में 800 से एक हजार मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। एमएमजी के सीएमएस डॉ राकेश कुमार का कहना है कि 11 बजे के बाद भी मरीजों के लिए इमरजेंसी सेवाएं उपलब्ध थीं। वहीं संयुक्त अस्पताल में सीएमएस डॉ. संजय गुप्ता ने कहा कि जिन मरीजों की जांच नहीं हो पाई है उनकी जांच शनिवार को करा दी जाएगी।

