ग्रेनो में 1 अप्रैल से पानी के बिल में 10 फीसदी की वृद्धि

नवभारतटाइम्स.कॉम

ग्रेनो में पानी के बिल में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी 1 अप्रैल से लागू हो जाएगी। अथॉरिटी एरिया के 52 हजार से अधिक आवंटियों को अब अधिक भुगतान करना होगा। 31 मार्च तक बकाया बिल जमा करने का अंतिम अवसर है। इसके बाद बकाया राशि पर ब्याज भी जुड़ जाएगा। गंगाजल आपूर्ति बढ़ाने के प्रयास जारी हैं।

10 increase in water bill in grano from april 1 pay dues by march 31

NBT रिपोर्ट, ग्रेनो

ग्रेटर नोएडा : अथॉरिटी एरिया के 52 हजार से अधिक आवंटियों के पानी के बिल में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो गई है। यह वृद्धि एक अप्रैल से लागू कर दी जाएगी। अथॉरिटी रेजिडेंशल और इंडस्ट्रियल आवंटियों से प्लॉट साइज के हिसाब से पानी का बिल लेती है। आवंटियों के पास पानी का बकाया बिल जमा करने का आखिरी मौका 31 मार्च तक है। एक अप्रैल से बकाया रकम पर आगामी वित्तीय वर्ष का ब्याज भी जुड़ जाएगा। इससे आवंटियों को अधिक धनराशि जमा करनी होगी।

ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी ने 52 हजार से अधिक आवंटियों को पानी के कनेक्शन दे रखे हैं। अथॉरिटी हर साल पानी के बिल में दस प्रतिशत की बढ़ोतरी करती है। समय पर बिल जमा नहीं करने पर अथॉरिटी उस पर ब्याज लगाती है। जब अधिक बकाया हो जाता है तो नोटिस भेजकर कनेक्शन काटने की कार्रवाई को अमल में लाया जाता है। अथॉरिटी लोगों को भूजल और गंगाजल की आपूर्ति करती है। अब गंगाजल की आपूर्ति बढ़ाई जा रही है ताकि भूजल को बचाया जा सके। ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के 29 हजार से अधिक आवंटियों पर करीब 270 करोड़ रुपये बकाया है। सबसे अधिक बकाया बिल्डर सोसायटियों पर है। 92 सोसायटियों पर 150 करोड़ रुपये से अधिक का बकाया है। इसके अलावा 28 हजार से अधिक आवासीय संपत्ति, आईटी के छह, संस्थागत के 321, इंडस्ट्री के 763, 20 आवासीय समितियां और 21 कॉमर्शियल प्रॉपर्टी पर बकाया है।