n NBT न्यूज, लखनऊ: इंदिरा नगर के फरीदी नगर इलाके में रहने वाली एक महिला की सोमवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पति द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या की सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला के परिवारीजनों से संपर्क किया। मौके पर पहुंचे परिवारीजनों ने गला दबाकर हत्या का आरोप लगाते हुए केस दर्ज करवाया है।
इंस्पेक्टर इंदिरानगर जय नारायण सिंह ने बताया कि हरदोई निवासी विजय पाल की बेटी अर्चना कश्यप की 8 माह पहले सीतापुर के रहने वाले सुमित कुमार से शादी हुई थी। थाने पहुंचे अर्चना के पिता विजय पाल ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से सुमित दहेज कम लाने की बात को लेकर अर्चना को प्रताड़ित करता था। दहेज की मांग पूरी न होने पर मारता पीटता था। विजय ने सुमित पर बेटी की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। इंस्पेक्टर का कहना है कि विजय की तहरीर पर दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है।



