शेयर मार्केट में मुनाफे का झांसा देकर 5 लाख रुपये की ठगी, आरोपी अरेस्ट

नवभारतटाइम्स.कॉम

शेयर मार्केट में मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर एक महिला से 5.20 लाख रुपये की ठगी हुई। साइबर पुलिस ने इस मामले में शहवाज अहमद नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने साथी नौसाद की मदद से खाताधारक मोहम्मद कैफ का बैंक खाता ठगों को उपलब्ध कराया था।

share market profit lure rs 5 lakhs fraud accused arrested

n NBT न्यूज, बल्लभगढ़ : साइबर ठगी के मामलों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 5.20 लाख रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शहवाज अहमद निवासी हाजिपुर, जिला फिरोजाबाद (यूपी) हाल निवासी नई बस्ती अबुफजल, ओखला (नई दिल्ली) के रूप में हुई है।

सेक्टर-15ए निवासी एक महिला ने साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत दी थी कि उसके वॉट्सऐप पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने उसे शेयर मार्केट में पैसा निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया। आरोपी के झांसे में आकर महिला ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए ठगों द्वारा बताए गए खाते में कुल 5.20 लाख रुपये निवेश के नाम पर भेज दिए। इसके बाद न तो महिला को कोई मुनाफा मिला और न ही उसकी रकम वापस की गई। शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना सेंट्रल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी शहवाज अहमद को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने अपने साथी नौसाद से खाताधारक मोहम्मद कैफ का बैंक खाता लेकर ठगों को उपलब्ध कराया था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है ताकि ठगी में शामिल अन्य आरोपियों और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।