झूठी सूचना देकर पुलिस को बुलाया, कार्रवाई से इनकार पर पीटा, फाड़ दी वर्दी

नवभारतटाइम्स.कॉम

लखनऊ के इटौंजा में जमीन विवाद में एक पक्ष ने झूठी सूचना देकर पुलिस को बुलाया। पुलिस ने निजी मामला बताकर कार्रवाई से इनकार किया तो सूचना देने वाले पक्ष ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। पथराव और मारपीट की गई। महिलाओं ने पुलिस की वर्दी फाड़ दी।

झूठी सूचना देकर पुलिस को बुलाया, कार्रवाई से इनकार पर पीटा, फाड़ दी वर्दी

n NBT न्यूज, लखनऊ: इटौंजा में रविवार को जमीन कब्जेदारी के विवाद में एक पक्ष ने सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण की झूठी सूचना देकर पुलिस को बुला लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला निजी बताकर कार्रवाई से इनकार किया तो सूचना देने वाले पक्ष ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि पथराव के साथ ही पुलिसकर्मियों को पीट दिया। महिलाओं ने पुलिस की वर्दी फाड़ दी। सोमवार को घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।

इटौंजा पुलिस के मुताबिक कल्याणपुर गांव निवासी जितेंद्र उर्फ निर्मल कनौजिया ने रविवार शाम डायल 112 पर सूचना दी थी कि गांव में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर निर्माण कराया जा रहा है। सूचना पर पीआरवी 4944 की टीम मौके पर पहुंच गई। कमांडर मोहम्मद सलमान और ड्राइवर होमगार्ड श्रवण कुमार ने आस-पास के लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि सूचना देने वालों के पड़ोसी घर के दरवाजे पर निर्माण कर रहे थे। सरकारी जमीन पर कोई कब्जा न होने का पता चलते ही पुलिसकर्मियों ने सूचना को झूठा बताते हुए नाराजगी जताई और हस्तक्षेप से इनकार कर दिया। आरोप है कि इसी बात से भड़के जितेंद्र और उसके समर्थकों ने पुलिस टीम को घेर लिया और हमला कर दिया। भीड़ ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से मारपीट शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि इस दौरान महिलाओं ने भी अभद्रता करते हुए सिपाहियों की वर्दी फाड़ दी। एसीपी बीकेटी ज्ञानेंद्र सिंह का कहना है कि होमगार्ड श्रवण कुमार की तहरीर पर जितेंद्र, भूपेंद्र, रामस्वरूप समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।