n NBT न्यूज, नोएडा
सेक्टर-66 रोड पर एक माह पहले सड़क मरम्मत कार्य पूरा किया गया था। तेज रफ्तार वाहनों को नियंत्रित करने के लिए प्राधिकरण द्वारा ठेके पर कराए गए काम में 20 से अधिक स्पीड ब्रेकर भी बनाए गए, लेकिन एक महीना बीत जाने के बाद भी इन ब्रेकरों पर सफेद (वाइट) पट्टियां नहीं बनाई गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि ब्रेकर नजर न आने के कारण छोटे-मोटे हादसे लगातार हो रहे हैं। खासकर रात के समय या तेज गति से आने वाले वाहन चालक इन्हें समय पर नहीं देख पाते। अचानक ब्रेक लगाने या वाहन असंतुलित होने से कई बाइक सवार गिरकर चोटिल हो चुके हैं। लोगों का आरोप है कि मरम्मत का काम तो जल्दबाजी में पूरा कर लिया गया, लेकिन सुरक्षा के बुनियादी इंतजामों को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया। सड़क पर ब्रेकर बनाना जरूरी है, लेकिन उनकी सही मार्किंग और सफेद पट्टियां बनाना भी उतना ही महत्वपूर्ण है, ताकि दुर्घटनाएं रोकी जा सकें। स्थानीय निवासियों ने संबंधित विभाग से तत्काल ब्रेकरों पर सफेद पट्टियां बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बड़े हादसे हो सकते हैं।
युवराज की मौत के बाद लिया एक्शन : सेक्टर-150 स्थित रोड पर बने ब्रेकरों पर एक भी वाइट पट्टी नहीं बनी हुई थी, लेकिन युवराज मेहता की मौत के बाद प्राधिकरण की ओर से उस रोड पर वाइट पट्टी बनवा दी गई थी। इसका मतलब यह हुआ कि सेक्टर-66 रोड पर हादसा होने के बाद ही जिम्मेदारों की नींद खुलेगी और वाइट पट्टी बनाई जाएंगी।



