n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद : राजनगर एक्सटेंशन में सीनियर सिटीजन केयर सेंटर एक साल से तैयार खड़ा है, लेकिन अब तक संचालन शुरू नहीं हो सका है। ऊपरी मंजिल पर डिजिटल लाइब्रेरी बनाने के इंतजार में नगर निगम इसे शुरू नहीं कर रहा है। इस सेंटर में बुजुर्गों के लिए कैफेटेरिया, योगा, मेडिटेशन और इंडोर गेम की व्यवस्था है। साथ ही, चिकित्सकीय सुविधा और दवा के लिए मेडिकल स्टोर भी प्रस्तावित है, लेकिन इसका उद्घाटन नहीं किया गया है। यहां के रेजिडेंट दिपांशु मित्तल ने बताया कि भवन का उपयोग न होना संसाधनों की बर्बादी है। इसे तुरंत शुरू किया जाना चाहिए, ताकि बुजुर्गों को लाभ मिल सके। लाइब्रेरी का काम अलग से कराया जा सकता है। वहीं, निगम के चीफ इंजीनियर एनके चौधरी ने बताया कि डिजिटल लाइब्रेरी के लिए करीब 9 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी मिल चुकी है। जल्द ही निर्माण शुरू होगा। लाइब्रेरी बनने के बाद दोनों सुविधाएं एक साथ शुरू की जाएंगी।



