n NBT न्यूज, होडल : लघु सचिवालय में सरकारी कार्यालय में तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी पर लेटलतीफी का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है।
सोमवार को मुख्यमंत्री नायब सैनी के निर्देश पर शुरू हुए समाधान शिविर में सरकारी अधिकारी व कर्मचारियों का गैरहाजिर रहना सवाल खड़े कर रहे हैं। वहीं, समाधान शिविर से नदारद रहने के कारण एसडीएम बैलिना लोहान ने बताओ नोटिस जारी कर वेतन काटने के निर्देश दिए हैं। शहर के लोग अपनी समस्याओं का समाधान करने के लिए सुबह साढ़े नौ बजे ही लघु सचिवालय के कॉन्फ्रेंस हॉल के आकर बैठ गए थे, लेकिन समाधान शिविर में बिजली, पानी, नगर परिषद, कृषि विभाग के अलावा लोकनिर्माण विभाग सहित कई विभागों के कर्मचारी नहीं पहुंचे। हालांकि एसडीएम बैलिना लोहान भी उपायुक्त कार्यालय में बैठक होने के कारण समाधान शिविर में लेट पहुंची थी। गांव खिरवी लख्मी पेंशन व लखन गांव में बिजली की समस्या सहित कई ग्रामीण अपनी समस्याओं का समाधान करवाने के लिए शिविर में समय से पहुंचे थे, लेकिन शिविर में घंटों अधिकारियों का इंतजार करना पड़ा। एसडीएम बैलिना ने इस मामले में अधिकारियों व कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए वेतन काटने के निर्देश दिए गए हैं।



