कंडक्टर-ड्राइवर और बाबू से विवाद, दो घंटे खड़ी रहीं बसें

नवभारतटाइम्स.कॉम

कैसरबाग बस अड्डे पर बाबू और ड्राइवरों-कंडक्टरों के बीच विवाद हो गया। इस झगड़े के कारण करीब दो घंटे तक बसों का संचालन रुका रहा। सीतापुर, लखीमपुर और अयोध्या की ओर जाने वाली लगभग 200 बसें खड़ी रहीं। ड्राइवरों और कंडक्टरों ने लिपिक को हटाने की मांग की। एआरएम ने बीच-बचाव कर संचालन बहाल करवाया।

bus operations halted for 2 hours at kaiserbagh bus stand due to dispute between conductor driver and clerk 200 buses stranded

n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : कैसरबाग बस अड्डे पर बाबू और ड्राइवरों व कंडक्टरों के झगड़े में करीब दो घंटे तक संचालन बाधित रहा। एआरएम ने मामले में बीच-बचाव किया और संचालन बहाल करवाया। ड्राइवर और कंडक्टर बाबू को हटाने की मांग पर अड़ गए हैं। मामले में एआरएम ने रिपोर्ट क्षेत्रीय प्रबंधक को भेजी है, जिसमें जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

ड्राइवरों और कंडक्टरों की लिखित शिकायत के मुताबिक सोमवार को दोपहर करीब 12 बजे वे अपनी समस्याओं को लेकर एआरएम के पास गए थे। आरोप है कि मेंटेनेंस के नाम पर घोटाला हो रहा है। उनके वेतन से कटौती की जा रही है। 50% लोड फैक्टर को लेकर भी काफी समस्याएं हैं। ड्राइवरों और कंडक्टरों के मुताबिक कैसरबाग बस अड्डे पर सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय में वे लोग अपनी बात रख रहे थे, तभी वरिष्ठ लिपिक सरोज तिवारी ने धक्का मारकर सबको बाहर करने का प्रयास किया। वो लोग एआरएम से मिलने की मांग पर अड़ गए। जिससे नाराज सरोज तिवारी ने गालियां दीं। साथ ही कई आपत्तिजनक शब्द बोले। इस पर बस अड्डे पर ड्राइवरों और कंडक्टरों ने संचालन ठप कर दिया। इसकी वजह से सीतापुर, लखीमपुर, अयोध्या की ओर जाने वाली करीब 200 बसें खड़ी हो गईं। ड्राइवरों और कंडक्टरों ने लिपिक को हटाने की मांग कर दी।