यूपी में पावर प्लांटों का विस्तार करेगी एनटीपीसी

नवभारतटाइम्स.कॉम

एनटीपीसी उत्तर प्रदेश में बिजली की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए अपने पावर प्लांटों का विस्तार कर रही है। रिहन्द में एक सोलर प्लांट जल्द शुरू होगा। सिंगरौली में एक बड़ा थर्मल प्लांट 2028 तक तैयार हो जाएगा।

ntpc to expand power generation in up plans for solar thermal and nuclear plants

n NBT रिपोर्ट, लखनऊ

प्रदेश में बिजली की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए एनटीपीसी यूपी में अपने पावर प्लांटों का विस्तार करेगा। इसके तहत रिहन्द में 20 मेगावाट का एक सोलर पावर प्लांट अप्रैल अंत तक शुरू होने की उम्मीद है। वहीं, सिंगरौली में 1600 मेगावाट का थर्मल पावर प्लांट 2028 तक ऑपरेशनल हो जाएगा। ये जानकारी सोमवार को एनटीपीसी उत्तरी क्षेत्र के क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक डायरेक्टर दिवाकर कौशिक ने दी। इसके अलावा एनटीपीसी यूपी में थर्मल पावर प्लांट के साथ-साथ सोलर सेक्टर में भी विस्तार करेगी।

एनटीपीसी न्यूक्लियर पावर प्लांट भी बनाएगी। इसके लिए उत्तर प्रदेश में कंपनी तीन जिलों में साइट देख रही है। इसके तहत झांसी, प्रयागराज और सोनभद्र में साइट का निरीक्षण किया जा चुका है। कंपनी सभी संभावनाओं को देखते हुए इस सेक्टर में आगे बढ़ेगी। इसके लिए एनटीपीसी एक सब्सिडरी कंपनी भी बना रही है।

कंपनी थर्मल पावर प्लांटों का भी विस्तार यूपी में करेगी। इसके तहत प्रयागराज के मेजा में 2400 मेगावाट का पावर प्लांट लगाने की योजना है। प्रस्ताव के मुताबिक इस प्लांट में 800 मेगावाट की तीन यूनिटें स्थापित की जाएंगी। इसके अलावा कंपनी वाराणसी की तर्ज पर गोरखपुर और ग्रेटर नोएडा में घरेलू कचरे से कोयला बनाने का प्लांट लगाने पर विचार कर रही है। कंपनी का मौजूदा समय में वाराणसी में इस तरह का प्लांट ऑपरेशनल है।