n NBT न्यूज, पीजीआई : चलती बाइक से राहगीरों के हाथों से मोबाइल झपटकर फरार होने वाले शातिर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसने एक ही दिन में कई वारदातों को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैला दी थी। इंस्पेक्टर पीजीआई धीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर उतरेठिया रेलवे लाइन के पास शहीद पथ अंडरपास के पास घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम सुरेश मौर्या (30) निवासी बंथरा बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से ओप्पो, नारजो और रेडमी कंपनी के तीन मोबाइल फोन तथा 860 रुपये बरामद हुए। साथ ही घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। आरोपित बंथरा में एक होम्योपैथिक मेडिकल स्टोर पर काम करता है।
आलमबाग के कैलाशपुरी निवासी पूनम तिवारी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि 17 मार्च की शाम वह अपनी बहन के घर सैनिक नगर जा रही थीं। गली नंबर-1 स्थित गणेश मंदिर के पास पहुंचते ही बाइक सवार युवक उनका मोबाइल झपटकर गली नंबर-12 की ओर फरार हो गया था। आरोपित ने खुलासा किया कि उसी दिन सैनिक नगर में जय प्रकाश की बेटी का भी मोबाइल छीना था। इसके अलावा 11 मार्च को श्वेता मिश्रा से भी मोबाइल लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने इन दोनों मामलों में 29 मार्च को केस दर्ज किया था।



