n NBT न्यूज, फरीदाबाद: तिगांव क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य के चलते करीब ढाई महीने से बंद पड़ी सिटी बस सेवा अब फिर से शुरू होने जा रही है। रूट नंबर 909 और 916 पर बसों का संचालन बुधवार से बहाल कर दिया जाएगा, जिससे रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। जानकारी के अनुसार, पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट (PWD) द्वारा तिगांव में सड़क निर्माण कार्य किए जाने के कारण 14 जनवरी से इन रूटों पर बस सेवा अस्थाई रूप से बंद कर दी गई थी। सड़क निर्माण के चलते बसों का आवागमन संभव नहीं था, जिससे कई रूट प्रभावित हुए।मंगलवार को सिटी बस सेवा के अधिकारी क्षेत्र का सर्वे करेंगे और सड़क की स्थिति का जायजा लेने के बाद बस संचालन को हरी झंडी दी जाएगी।
बस सेवा बंद रहने के दौरान रूट नंबर 909 (बल्लभगढ़–मंझावली वाया तिगांव) की बसों को डायवर्ट कर रूट नंबर 913 पर चलाया जा रहा था। फिलहाल ये बसें बदरपुर बॉर्डर से मंझावली तक संचालित हो रही हैं। वहीं रूट नंबर 916, जो पहले बल्लभगढ़ से तिगांव होते हुए चांदपुर तक जाती थी, उसे सीमित कर तिगांव स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा तक ही चलाया जा रहा था। सिटी बस सेवा के इंचार्ज अंकित अरोड़ा ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य लगभग पूरा होने के बाद अब बसों को उनके पुराने रूट पर बहाल किया जा रहा है। बस सेवा बंद रहने के कारण यात्रियों को ऑटो और निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ रहा था, जिससे समय और पैसे दोनों की परेशानी बढ़ गई थी। अब सेवा बहाल होने से लोगों को राहत मिलने के साथ ही यातायात व्यवस्था भी पहले से बेहतर होने की उम्मीद है।



