n NBT न्यूज, नोएडा
सेक्टर-50 के एफ-ब्लॉक और सेक्टर-51 में फुटपाथों की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय निवासियों ने नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक (स्वास्थ्य) को शिकायत दी है। निवासियों के अनुसार, गांव के लोग फुटपाथ पर गोबर डालकर उपले बनाने का काम कर रहे हैं। इससे पैदल चलने लायक जगह नहीं बची है। पैदल यात्री मजबूरन सड़क पर चल रहे हैं, जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया है। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं को काफी परेशानी हो रही है। नोएडा फेडरेशन ऑफ अपार्टमेंट ओनर्स असोसिएशन (नोफा) के अध्यक्ष राजीवा सिंह ने बताया कि गांव वाले फुटपाथ को ही गोबर-उपलों के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गंदगी के कारण उन्हें मुख्य सड़क पर जोखिम उठाकर चलना पड़ रहा है। निवासियों ने कहा कि समस्या का समाधान केवल अस्थायी सफाई से नहीं होगा। उन्हें ठोस और स्थायी कचरा प्रबंधन व्यवस्था की जरूरत है। उन्होंने शहरी गांवों के अंदरूनी इलाकों में नियमित मशीन से सफाई अभियान चलाने, कचरा मुख्य सड़कों तक न पहुंचने देने और सार्वजनिक फुटपाथों पर पशु संबंधी कचरे के जमाव को रोकने के लिए सख्त निगरानी और नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन की मांग की है।



