n NBT न्यूज, फरीदाबाद: सोमवार को एक बार फिर मौसम ने करवट ली। दिन में 12 बजे तक धूप रहने के बाद शाम होते-होते आसमान में घने बादल छा गए और हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे तापमान में गिरावट के साथ मौसम सुहावना हो गया। सुबह के समय मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर करीब एक बजे से बादल छाने लगे और हवाओं की रफ्तार बढ़ गई। शाम करीब पांच बजे हल्की बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो रविवार के 33 डिग्री से कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी एक-दो दिन तक मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। एक अप्रैल तक बादल छाने और हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।



