n NBT न्यूज, नोएडा : सर्फाबाद स्थित राजेश गैस एजेंसी पर सोमवार को गैस किल्लत को लेकर हंगामा हुआ। पि तीन दिनों से सिलिंडर के लिए कतार में लग रही महिला का धैर्य जवाब दे गया, जब नंबर आने पर एजेंसी ने स्टॉक खत्म होने की बात कहकर गेट बंद कर दिया। महिला ने कर्मचारियों पर सिलिंडरों की कालाबाजारी और पक्षपात का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन कर दिया।
पीड़िता नीलम देवी ने बताया कि उनके घर में रसोई गैस पूरी तरह खत्म हो चुकी है, जिसके चलते वे भारी परेशानी का सामना कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि मैं तीन दिन से लगातार सुबह से लाइन में लग रही हूं। सोमवार को भी घंटों कतार में खड़ी रही, लेकिन जैसे ही मेरा नंबर आया, कर्मचारियों ने अचानक सिलिंडर खत्म होने की बात कहकर मुख्य गेट बंद कर दिया। एजेंसी संचालक पीछे वाले गेट से सिलिंडरों को ब्लैक कर रहे हैं। नीलम के अनुसार रोजाना लाइन में लगने से समय और पैसे दोनों का नुकसान हो रहा है। एजेंसी का गेट बंद होने के कारण महिला को काफी देर तक विरोध करने के बाद बिना सिलिंडर लिए ही मायूस होकर वापस लौटना पड़ा। एजेंसी प्रबंधन की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।



