n NBT न्यूज, गुड़गांव
जिले के शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत नैशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) के कर्मचारियों ने सैलरी नहीं मिलने के विरोध में सोमवार को काम बंद रखा। हालांकि कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर आपातकालीन सेवाएं जारी रखीं ताकि गंभीर मरीजों को असुविधा न हो। कर्मचारियों का कहना है कि दो महीने से उन्हें सैलरी नहीं मिली है, जबकि बजट उपलब्ध होने की जानकारी पहले ही दी जा चुकी है। सैलरी न मिलने से कर्मचारियों में रोष बढ़ता जा रहा है। कई बार संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर समस्या के समाधान की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई कदम नहीं उठाया गया है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि अगर इस सप्ताह सैलरी नहीं मिली तो अगले सप्ताह से काम पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।
एनएचएम कर्मचारी संघ की जिला इकाई के प्रतिनिधियों ने बताया कि फरवरी से लेकर अब तक तीन से चार बार अधिकारियों से मिलकर जल्द सैलरी देने को लेकर मांग की गई। अधिकारियों की ओर से केवल आश्वासन ही दिया गया है। एनएचएम कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष हरिराज ने बताया कि अगर इस सप्ताह कर्मचारियों का वेतन जारी नहीं किया गया तो अगले सप्ताह से कार्य पूर्ण रूप से बंद रहेगा। ऐसे में इमरजेंसी सुविधाएं भी प्रभावित होंगी। गर्भवती महिलाओं की जांच, डिलिवरी से जुड़ी सेवाओं में बाधा हो सकती है। बता दें कि जिले के 21 शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर यह विरोध प्रदर्शन जताते हुए काम बंद रखा जा रहा है।



