nNBT न्यूज, लखनऊ : जिले में लड़कियों को उच्च शिक्षा से जोड़ने और कक्षा 8 के बाद होने वाले 'ड्रॉपआउट' को रोकने के लिए लखनऊ के चार प्रमुख ब्लॉक- सरोजनी नगर, गोसाईंगंज, बीकेटी और काकोरी में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (KGBV) को उच्चीकृत करते हुए वहां नए छात्रावासों का निर्माण करवाया गया है। शिक्षा विभाग की इस पहल से अब ग्रामीण क्षेत्र की लड़कियां इंटरमीडिएट तक की शिक्षा बिना किसी बाधा के पूरी कर सकेंगी।
अब तक कस्तूरबा विद्यालयों में केवल कक्षा 8 तक ही आवासीय शिक्षा की व्यवस्था थी। अब इन विद्यालयों में 100-100 बेड की क्षमता वाले नए हॉस्टल बनाए गए हैं। छात्राएं इन हॉस्टल में रहकर नजदीकी राजकीय इंटर कॉलेज (GIC) में 12वीं तक की शिक्षा हासिल कर सकेंगी।



