nNBT रिपोर्ट, लखनऊ : लखनऊ विश्वविद्यालय में सोमवार से पीएचडी में दाखिले की जंग शुरू हो गई। सोमवार को विवि के दोनो कैंपस में पीएचडी की प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया। पहले दिन की परीक्षा में 'हिंदी' और 'राजनीति विज्ञान' का जबरदस्त क्रेज देखने को मिला, दोनों विषयों में सबसे ज्यादा अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे। सुबह की पाली में हुई हिंदी की परीक्षा में सर्वाधिक 630 परीक्षार्थी शामिल हुए, इसकी तुलना में अंग्रेजी में 327 अभ्यर्थियों ने ही पर्चा हल किया। वहीं, दोपहर के सत्र में पॉलिटिकल साइंस में सबसे ज्यादा 592 छात्रों ने उपस्थिति दर्ज कराई। इसके अलावा पहली पाली में किसी भी विषय में 100 अभ्यर्थी भी नहीं रहे।
पीएचडी की प्रवेश परीक्षा दो दिन आयोजित की जाएगी। आधे विषयों की परीक्षा मंगलवार को होगी। परीक्षा के पहले दिन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जेपी सैनी ने विवि के नए परिसर में चल रही परीक्षाओं का जायजा लिया। इस दौरान कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय पारदर्शिता और उच्च शिक्षा के मानकों से कोई समझौता नहीं करेगा। अभ्यर्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें शोध के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।



