nNBT न्यूज, रबूपुरा : रबूपुरा की बेटी रश्मि कुमारी ने बिना किसी कोचिंग के अपने पहले ही प्रयास में सफलता हासिल की है। उनकी 142वीं रैंक आई है। उनका चयन असिस्टेंट कमिश्नर वाणिज्य कर के पद पर हुआ है। कस्बा के मोहल्ला आंबेडकर नगर निवासी उनके पिता भागमल सिंह सूरजपुर कोर्ट में स्टांप विक्रेता हैं। फिलहाल वह परिवार के साथ सलारपुर, नोएडा में रहते हैं। भागमल सिंह ने बताया कि दूसरे नंबर की बेटी रश्मि कुमारी ने अपनी प्रारंभिक पढ़ाई सलारपुर स्थित प्राइवेट स्कूल से की थी। महामाया बालिका इंटर कॉलेज से 12वीं के बाद 2022 में डीयू से बीए ऑनर्स किया। उसके बाद घर पर रहकर ही उसने परीक्षा की तैयारी शुरू की थी। रश्मि कुमारी ने यूट्यूब की मदद से यह कामयाबी हासिल की है। रश्मि कुमारी फिलहाल लखनऊ में पीसीएस 2025 की मुख्य परीक्षा दे रही हैं।



