n NBT न्यूज, हापुड़ : थाना हापुड़ क्षेत्र के जवाहर गंज स्थित होलसेल मेडिसिन मार्केट में सार्वजनिक रास्ते को निजी बताकर कब्जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। एक दवा व्यापारी पर गैलरी पर ताला लगाकर कब्जा करने का आरोप है। दुकानदारों के अनुसार, मार्केट बनाते समय 3 फुट चौड़ी यह गैलरी सार्वजनिक रास्ते के रूप में बैनामों में दर्ज की गई थी। बैनामे में साफ लिखा है कि कोई भी व्यक्ति इस रास्ते को निजी उपयोग या कब्जे में नहीं ले सकता। यह रास्ता हीरा मेडिकल स्टोर के बराबर से बांके बिहारी मेडिकल तक आर-पार निकलता है। 10-12 साल से लोग आवागमन के लिए इसका इस्तेमाल कर रहे हैं। आरोप है कि कैलाश फार्मा के संचालक हेमंत साहनी उर्फ बॉबी ने ताले लगाकर गैलरी का निजी इस्तेमाल शुरू कर दिया है। शिखर गुप्ता, नीरज गोयल, सौरभ अग्रवाल, प्रवेश कुमार आदि ने दावा किया कि आरोपी पर पहले भी आर्थिक धोखाधड़ी के कई केस दर्ज हैं। वहीं, दुकानदार बॉबी ने सभी आरोपों को गलत बताया है।

