मॉक ड्रिल से रेजिडेंट्स को सिखाए आग से बचाव के गुर

नवभारतटाइम्स.कॉम

गंगा यमुना हिंडन अपार्टमेंट में आग से बचाव के लिए मॉक ड्रिल हुई। आरडब्ल्यूए स्टाफ, मेंटिनेंस टीम, सिक्यॉरिटी गार्ड्स और रेजिडेंट्स को आग बुझाने का प्रशिक्षण दिया गया। फायर सिलिंडर के सही उपयोग का लाइव प्रदर्शन हुआ। लोगों को आपात स्थिति में सतर्क रहने की तकनीक बताई गई।

siddharth vihar residents taught fire safety skills through mock drill training on handling emergencies

n NBT रिपोर्ट, सिद्धार्थ विहार

गंगा यमुना हिंडन अपार्टमेंट में शुक्रवार को अग्निशमन सुरक्षा को लेकर मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान आरडब्ल्यूए स्टाफ, मेंटिनेंस टीम, सिक्यॉरिटी गार्ड्स और रेजिडेंट्स को आग बुझाने एवं आपात स्थिति से निपटने का प्रशिक्षण दिया गया। मॉक ड्रिल में फायर सिलिंडर के सही उपयोग का लाइव प्रदर्शन किया गया और लोगों को बताया गया कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय किस तरह सतर्कता और सही तकनीक से आग पर काबू पाया जा सकता है।

आरडब्ल्यूए अध्यक्ष एएन त्रिपाठी ने बताया कि पिछले छह माह में सोसायटी में आग लगने की दो घटनाएं हो चुकी हैं। दोनों ही मामलों में आरडब्ल्यूए की मेंटिनेंस टीम ने तत्परता और दक्षता के साथ आग बुझाकर बड़े हादसे को टाल दिया। उन्होंने कहा कि इसी अनुभव को देखते हुए अब रेजिडेंट्स और सिक्यॉरिटी गार्ड्स को भी प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि आपात स्थिति में हर व्यक्ति सजग भूमिका निभा सके। निवासी कैलाश चंद्र शर्मा ने बताया कि अग्निशमन विभाग की सलाह पर सभी फायर रूम से फालतू सामान हटाया जा रहा है। वहीं, एच-2 टावर के एक फायर पैनल रूम में किए गए अवैध कब्जे को हटाने के लिए संबंधित रेजिडेंट को नोटिस जारी किया गया है।