n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
दिल्ली-एनसीआर में स्किन लेजर और ब्यूटी मशीनों की एक्सक्लूसिव मास्टर फ्रेंचाइजी देने के नाम पर एक कारोबारी से दो करोड़ रुपये से ज्यादा की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में आर्थिक अपराध शाखा (EOW) की जांच के बाद गुजरात की एक कंपनी और उसके संचालकों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
मेसर्स श्री टेक्नोसिस के मालिक अमित मित्तल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि जुलाई 2022 में कीर्ति हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड सूरत, गुजरात के निदेशकों ने उनसे संपर्क किया था। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि उनकी कंपनी वर्ल्ड क्लास लेजर मशीनें बनाती है। उन्होंने अमित मित्तल को दिल्ली, गुड़गांव, नोएडा, फरीदाबाद और गाजियाबाद के लिए ‘एक्सक्लूसिव मास्टर फ्रेंचाइजी’ देने का प्रस्ताव दिया। आरोपियों ने उन्हें लुभाने को 2 करोड़ रुपये के निवेश पर 6% प्रति माह रिटर्न देने का वादा किया। इस झांसे में आकर पीड़ित ने 2 करोड़ रुपये का निवेश कर दिया। इसके अलावा 5.25 लाख रुपये फ्रेंचाइजी फीस के तौर पर भी दे दिए।
सेक्टर-14 में भारी रेंट पर शोरूम खोला था
पीड़ित ने बताया कि समझौते के बाद उन्होंने शहर के सेक्टर-14 में भारी रेंट पर शोरूम खोला और स्टाफ रख लिया। लेकिन कुछ समय बाद ही उन्हें पता चला कि आरोपियों के पास मशीनें बनाने के लिए आवश्यक वैधानिक लाइसेंस और फैक्ट्री ही नहीं थी। शिकायतकर्ता को एकमात्र पार्टनर बताने के बावजूद आरोपियों ने उसी एरिया में गुपचुप तरीके से अन्य फ्रेंचाइजी नियुक्त कर दीं।
निवेश किए रुपये मांगे तो फर्ज़ी चेक थमा दिए
जब पीड़ित ने अपना निवेश किया हुआ पैसा वापस मांगा, तो आरोपियों ने 3 करोड़ रुपये लौटाने का समझौता किया। आरोपियों की ओर से दिया गया चेक बैंक में 'कम बैलेंस' और बाद में 'पेमेंट स्टॉप्ड' के कारण बाउंस हो गया। इसके बाद आरोपियों ने अपनी सूरत स्थित संपत्ति देने का वादा किया, इस वादे से भी वे बाद में मुकर गए। इसके बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। जांच के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश पर थाना सेक्टर-14 में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।


