n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद
जनगणना 2027 को लेकर कुछ शरारती तत्वों द्वारा भ्रामक जानकारियां फैलाई जा रही हैं। दावा किया जा रहा है कि जनगणना के नाम पर अधिकारी घर-घर जाकर निजी दस्तावेज, फोटो आईडी और बैंक खातों से जुड़ा OTP मांग सकते हैं। गृह मंत्रालय ने इन दावों को मिथक करार देते हुए स्पष्ट किया है कि ऐसी किसी भी मांग का जनगणना से कोई संबंध नहीं है। सरकार की ओर से जारी विडियो संदेश के माध्यम से बताया गया है कि ऐसी अफवाहों से सावधान रहने की जरूरत है।
निजी दस्तावेज: जनगणना अधिकारी आपसे कभी भी आपका फोटो पहचान पत्र (Aadhar, PAN, Voter ID आदि) या अन्य कोई भौतिक दस्तावेज नहीं मांगेंगे।
OTP और बैंक विवरण: किसी भी परिस्थिति में आपसे फोन पर आने वाला ओटीपी या बैंक खाते से जुड़ी जानकारी साझा करने को नहीं कहा जाएगा।
अधिकारियों का कार्य: अधिकारियों का एकमात्र कार्य सरकार द्वारा निर्धारित प्रश्नावली के माध्यम से डेटा एकत्रित करना है।
वीडियो के अंत में संदेश दिया गया है कि 'हमारी जनगणना, हमारा विकास'। जनगणना से प्राप्त डेटा का उपयोग भविष्य की सरकारी योजनाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए किया जाता है। इस राष्ट्रीय कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें, लेकिन सतर्कता के साथ।


