n NBT न्यूज, बल्लभगढ़
थाना सदर बल्लभगढ़ क्षेत्र के चंदावली गांव में गली के रास्ते को लेकर चला आ रहा पुराना विवाद शनिवार शाम अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि पड़ोसियों ने पहले छत से ईंट-पत्थर बरसाए और फिर घर में घुसकर धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे एक महिला समेत दो लोग घायल हो गए।पीड़ित सुभाष, जो एमसीडी में कार्यरत है, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पड़ोसी नानक अपने मकान का निर्माण कर रहा है। इसी दौरान गली के रास्ते को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार कहासुनी हो चुकी थी। शनिवार शाम करीब 5 बजे नानक ने कथित तौर पर गाली देनी शुरू कर दी। विरोध करने पर मामला बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई।
शिकायत के अनुसार, नानक ने अपने परिवार और अन्य लोगों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद आरोपियों ने सुभाष के घर की छत और आंगन में ईंट-पत्थर फेंके, जिससे उसकी पत्नी राधा और भाई कृष्ण घायल हो गए। आरोप है कि इसके बाद सागर, नानक, विक्की, नवीन और अक्षय हथियारों के साथ घर में घुस आए और कुल्हाड़ी, चाकू, तलवार व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले के दौरान आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने सुभाष की शिकायत के आधार पर नानक समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।
युवकों पर हमला, सात के खिलाफ दर्ज किया केस
n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद : ओल्ड फरीदाबाद क्षेत्र में गली के अंदर दो युवकों पर अचानक हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित अतुल्ला खान ने थाना ओल्ड फरीदाबाद में शिकायत देकर बताया कि 1 मई की शाम करीब 8 बजे वह अपने दोस्त राहुल के साथ बाइक से भूड़ कॉलोनी स्थित राजू हेयर सलून से घर लौट रहा था। इसी दौरान गली में पहले से खड़े कुछ युवकों ने उन्हें रोककर हमला कर दिया।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों की पहचान सिद्धु, कुनाल, प्रिंस, रोहित और भरत के रूप में हुई है, जबकि दो अन्य युवक अज्ञात बताए गए हैं। आरोप है कि कुनाल ने डंडे से हमला किया, जबकि बाकी युवकों ने लात-घूंसों से दोनों की पिटाई की। आसपास के लोग मौके पर एकत्र होने लगे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। घटना में अतुल्ला खान और उनके दोस्त राहुल दोनों घायल हो गए। पुलिस का कहना है कि नामजद आरोपियों की तलाश जारी है।


