n NBT न्यूज, फरीदाबाद
सूरजकुंड थाना क्षेत्र स्थित ग्रीनफील्ड कॉलोनी में चाकू की नोक पर सोने की चेन लूटने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम ने एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू और बाइक भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान 30 वर्षीय साजिद कुरैसी के रूप में हुई है। वह मूलरूप से उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के गांव नीम का रहने वाला है और हाल ही में जयपुर में रह रहा था। जांच में सामने आया है कि 10 अप्रैल की रात आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर ग्रीनफील्ड कॉलोनी के गेट नंबर-16 के पास एक व्यक्ति से चाकू के बल पर करीब डेढ़ तोले की सोने की चेन लूट ली थी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। इस संबंध में पीड़ित मेहुल चौधरी की शिकायत पर सूरजकुंड थाने में मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान क्राइम ब्रांच की टीम ने तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर 2 मई को आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने फरीदाबाद में लूट और स्नैचिंग की 8 अन्य वारदातों में अपनी संलिप्तता कबूल की है।
हत्या के प्रयास मामले का दूसरा आरोपी गिरफ्तार
n NBT न्यूज, हथीन : उटावड थाना अंतर्गत गांव घुड़ावली में छापा मारकर सीआईए पुलिस ने हत्या के प्रयास के आरोपी मुबारीक अली को गिरफ्तार किया है।
सीआईए होडल प्रभारी जगमिंदर सिंह ने बताया कि गांव घुड़ावली में 12 जून 2025 को सात नामजद आरोपियों ने शिकायतकर्ता नजमुद्दीन के भतीजे सरहान खान के ऊपर हमला करके हत्या का प्रयास किया। इस मामले में 26 अप्रैल को मुख्य आरोपी खालिद को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद मुख्य आरोपी मुबारक अली को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया गया जहां से उसको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।आरोपी से अपराध में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद किया गया है। पुलिस इस केस में जांच जारी रखी है।


