n NBT न्यूज, बल्लभगढ़
साइबर ठगों ने एक बार फिर नई चाल चलते हुए ई-सिम कन्वर्जन के बहाने युवक के बैंक खाते से 1.80 लाख रुपये उड़ा लिए। मामला बल्लभगढ़ का है, जहां पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सेक्टर-8 निवासी युवक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 28 अप्रैल को सुबह करीब 11:14 बजे उसके पास एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को एयरटेल कस्टमर केयर कर्मचारी बताते हुए बेहतर नेटवर्क के लिए उसकी सिम को ई-सिम में कन्वर्ट कराने की बात कही। पीड़ित पहले से नेटवर्क समस्या से जूझ रहा था, इसलिए वह ठग की बातों में आ गया और उसके कहने पर एयरटेल ऐप खोलकर ई-सिम में कन्वर्जन की प्रक्रिया शुरू कर दी। इस दौरान आरोपी ने उससे ओटीपी साझा करने को कहा और भरोसा दिलाया कि सिम 24 घंटे के लिए बंद रहेगी। साथ ही एक वैकल्पिक नंबर लेकर कॉल फॉरवर्डिंग भी सक्रिय करवा ली। आरोपी वॉट्सऐप के जरिए भी लगातार संपर्क में रहा। पीड़ित के मुताबिक, 30 अप्रैल की सुबह करीब 6:30 बजे उसके बैंक खाते से लगातार कई ट्रांजैक्शन किए गए, जिनके जरिए कुल 1.80 लाख रुपये निकाल लिए गए। घटना का पता चलते ही युवक ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।


