n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव: बिलासपुर रोड स्थित अंसल एपीआई पायनियर इंडस्ट्रियल पार्क में बिजली कटौती ने वहां के औद्योगिक यूनिट्स के लिए परेशानी खड़ी कर दी है। यहां लंबे समय से बिजली संकट जारी है। इस इंडस्ट्रियल पार्क में रोजाना 12 से 15 बार पावर कट लग रहा है। कई बार एक घंटे से अधिक समय तक सप्लाई बाधित रहने से उत्पादन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। अंसल एपीआई पायनियर इंडस्ट्रियल पार्क प्लॉट ओनर्स वेलफेयर असोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी कंवर सिंह जून का कहना है कि इंडस्ट्रियल एरिया में प्रस्तावित सब-स्टेशन जमीन के विवाद में फंस गया है। इससे यहां बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित नहीं हो पाया। उद्योगपतियों ने प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि इंडस्ट्रियल एरिया के लिए अलग फीडर और सब स्टेशन की व्यवस्था जल्द की जाए, जिससे उद्योगों को राहत मिल सके।


