NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
सेक्टर-10ए के वजीरपुर में शनिवार रात एक घर में महिला और चार बच्चों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। आरोप है कि एक शख्स ने पत्नी और चार बच्चों की गला घोंटकर और जहर देकर हत्या की। इसके बाद उसने खुद के हाथों व गले की नसें काटकर जान देने की कोशिश की। आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में है। सिविल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में रहने वाला मोहम्मद नाजिम (35) चार-पांच महीने से वजीरपुर में पत्नी नाजमा (31) व बच्चों इकरा (13), शिफा (11), अयान (07), खदीजा नूर (6) के साथ किराए पर रहता था। नाजिम ने सलून खोला था। शनिवार रात घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो फर्श पर बिछे गद्दों पर महिला और चार बच्चों के शव पड़े थे। सभी के मुंह से झाग निकल रहा था और गर्दन पर निशान थे। मकान मालिक की शिकायत के बाद मामला दर्ज किया गया है। पुलिस जांच कर रही है।


