n NBT रिपोर्ट, नोएडा
नोएडा में इस बार सड़कों की हालत बेहद खराब बनी हुई है। पिछले माॅनसून के बाद भी शहर में सड़कों पर मरम्मत का काम नहीं हो सका, जिसके चलते अब आने वाले माॅनसून में लोगों की मुश्किलें और बढ़ने वाली हैं। मुख्यमंत्री के सड़कों को दुरुस्त कराने के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद शहर की कई सड़कें अब भी गड्ढों से भरी हैं, जिससे अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जगह-जगह गड्ढों से भरी सड़कों पर जलभराव की समस्या पहले से ही बनी हुई है और बारिश शुरू होते ही यह स्थिति और गंभीर हो सकती है। जानकारी के अनुसार, इस समय प्राधिकरण के करीब 70 टेंडर प्रक्रिया में हैं, लेकिन टेंडर फाइनल होने में अभी समय लगेगा और तब तक माॅनसून की शुरुआत हो जाएगी। ऐसे में सड़क मरम्मत का कार्य शुरू भी होता है तो बारिश के चलते उसे बीच में रोकना पड़ेगा, जिससे काम करीब तीन महीने तक काम फिर लटक जाएगा।
पिछले साल बारिश के बाद सड़कों की मरम्मत नहीं होना बेहद चिंताजनक है। रेकाॅर्ड बताता है कि हर साल माॅनसून के बाद सड़कों की मरम्मत और रिसर्फेसिंग का काम किया जाता है और नवंबर तक यह कंप्लीट हो जाता है, लेकिन पिछले साल सीएम के आदेश के बाद भी नोएडा में माॅनसून के बाद सड़कों की मरम्मत नहीं हुई जबकि सीएम ने आदेश दिवाली तक सड़कों को दुरुस्त करने का था। शहर के लोगों के साथ हुई इस बड़ी नाइंसाफी के लिए अथॉरिटी में किसी को जिम्मेदार भी नहीं ठहराया गया।


