n NBT रिपोर्ट, बल्लभगढ़
शनिवार दोपहर बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा हादसा टल गया, जब चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहा एक यात्री प्लैटफॉर्म और ट्रेन के बीच फंस गया। घटना करीब 1:08 बजे की है, जब गाड़ी संख्या 12060 जनशताब्दी एक्सप्रेस प्लैटफॉर्म नंबर 4 से रवाना हो रही थी। यह ट्रेन हजरत निजामुद्दीन से कोटा के लिए चलती है और अपने निर्धारित ठहराव के बाद आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान एक यात्री जल्दबाजी में ट्रेन पकड़ने की कोशिश करने लगा, लेकिन संतुलन बिगड़ने के कारण वह प्लैटफॉर्म और कोच के बीच फंस गया। स्थिति बेहद गंभीर हो गई थी और कुछ ही पलों में बड़ा हादसा हो सकता था। मौके पर ड्यूटी कर रहे आरपीएफ कांस्टेबल विकास ने सतर्कता और साहस का परिचय दिया। बिना एक पल गंवाए उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए यात्री को खींचकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उनकी त्वरित सूझबूझ से एक बड़ी दुर्घटना टल गई और यात्री की जान बच गई। पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसे देखकर वहां मौजूद यात्री भी दंग रह गए। कांस्टेबल के इस साहसिक कदम की हर ओर सराहना हो रही है।
आरपीएफ प्रभारी श्रवण कुमार ने बताया कि कर्मी की तत्परता से एक व्यक्ति की जान बचाई जा सकी। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।


