एलजी तरनजीत सिंह संधू ने रविवार को डीडीए की नई पहल रंगबाग की शुरुआत की। डीडीए ने नैशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (एनएसडी) के साथ मिलकर ‘रंगबाग’ की शुरुआत की है। इसका उद्देश्य सार्वजनिक पार्कों को सीखने और रचनात्मक गतिविधियों के केंद्र बनाना है।
इस कार्यक्रम का पहला बैच 2 मई को इंद्रप्रस्थ पार्क की माया आर्ट गैलरी में शुरू हुआ। इसमें 12 से 16 साल के 21 बच्चों ने भाग लिया। इससे पहले डीडीए ने महरौली पुरातत्व पार्क में हेरिटेज वॉक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए थे। इसे लोगों ने काफी पसंद किया था। इसमें हजारों लोगों ने हिस्सा लिया था और खुद उपराज्यपाल भी शामिल हुए थे। ‘रंगबाग’ के तहत बच्चों को 6 हफ्तों की थिएटर वर्कशॉप दी जाएगी। इसके तहत एनएसडी के थिएटर शिक्षक उन्हें संवाद कौशल, शारीरिक गतिविधियां, कहानी कहना, अभिनय की तैयारी और प्रदर्शन की बुनियादी तकनीक सिखाएंगे। यह सब एक सहयोगात्मक और खेल के माध्यम से सीखने वाले माहौल में होगा।


