NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा
जनहित से जुड़े मुद्दों पर कलेक्ट्रेट में भूख हड़ताल पर बैठे एक संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय समेत अन्य कार्यकर्ताओं को पुलिस ने सोमवार देर रात अरेस्ट कर लिया। इसके विरोध में मंगलवार को संगठन के पदाधिकारियों और समर्थकों ने कलेक्ट्रेट और डीसीपी सेंट्रल ऑफिस पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने गिरफ्तार कार्यकर्ताओं की बिना शर्त रिहाई की मांग उठाते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। डीसीपी ने लोगों को जल्द रिहाई का आश्वासन देकर शांत किया।
संगठन के संस्थापक सदस्य आलोक नागर और प्रदेश महासचिव मास्टर दिनेश नागर ने बताया कि संगठन लंबे समय से जिले में निजी स्कूलों और अस्पतालों की मनमानी, बिल्डरों के भूजल दोहन और स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने जैसे मुद्दों को उठा रहा है। इन मांगों को लेकर सोमवार को चौधरी प्रवीण भारतीय अपने साथियों के साथ कलेक्ट्रेट पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे थे। पदाधिकारियों का आरोप है कि देर शाम पुलिस प्रशासन ने धरना स्थल पर पहुंचकर चौधरी प्रवीण भारतीय, राकेश नागर, प्रेमराज भाटी और पवन यादव को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया।

