n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
बैंक की नीलाम की जाने वाली संपत्ति कम कीमत में दिलाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में एक आरोपी को पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा-II ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने खुद को प्रॉपर्टी कंसल्टेंट बताकर फर्जी बैंक खाते, नकली ई-मेल आईडी और फर्जी सेल सर्टिफिकेट के जरिए वारदात को अंजाम दिया और पीड़ित से करीब 4.27 करोड़ रुपये ऐंठ लिए थे।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने 9 अक्टूबर 2024 को दी गई शिकायत में बताया कि बलराम कुमार झा नामक व्यक्ति ने खुद को प्रॉपर्टी कंसल्टेंट बताते हुए कैनरा बैंक की नीलामी वाली संपत्तियां सस्ते दामों पर दिलाने का लालच दिया। आरोपी ने बैंक ऑक्शन में भाग दिलाने के नाम पर अलग-अलग खातों में करीब 4.27 करोड़ रुपये ट्रांसफर करवा लिए। पीड़ित को भरोसे में लेने के लिए आरोपी ने नकली ई-मेल व फर्जी सेल सर्टिफिकेट भी भेजे। जब पीड़ित ने बैंक से सत्यापन किया तो मामले का खुलासा हुआ कि ई-मेल, डॉक्युमेंट और खाते सभी फर्जी थे। इस मामले में थाना सेक्टर-14, गुड़गांव में धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज कर जांच आर्थिक अपराध शाखा-II को सौंपी गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी व अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए सोमवार को ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान बलराम कुमार झा निवासी दरभंगा, बिहार के रूप में हुई है। उसने बीबीए किया हुआ है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने खुद को प्रॉपर्टी कंसल्टेंट बताकर बैंक नीलामी में सस्ती संपत्ति दिलाने का झांसा दिया था और फर्जी डॉक्युमेंट के जरिए करोड़ों रुपये हड़प लिए। पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है, ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, पैसों के लेनदेन और फर्जी डॉक्युमेंट के नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। पुलिस के अनुसार अन्य आरोपियों तक पहुंचने के भी प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपी से पूछताछ जारी है।

