SPR पर कचरे में लगी आग, सोसायटियों तक पहुंचा ज़हरीला धुआं

नवभारतटाइम्स.कॉम

गुड़गांव के सदर्न पेरिफेरल रोड पर कूड़े में भीषण आग लग गई। जहरीला धुआं सोसायटियों तक फैल गया, जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत हुई। मुख्य सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। वहीं, जीएमडीए ऑफिस में भी आग लगी, जिसे बुझा दिया गया।

gurugram massive fire in garbage on spr toxic smoke spreads in societies breathing becomes difficult

n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव

शहर के पॉश एरिया सदर्न पेरिफेरल रोड (SPR) पर सड़क किनारे अवैध रूप से डंप किए गए कूड़े में मंगलवार सुबह भीषण आग लग गई। उससे निकलने वाला जहरीला धुआं आसमान में छा गया। हवा के रुख के कारण यह धुआं आसपास की ऊंची सोसाइटियों और रिहायशी एरिया में फैल गया, जिससे निवासियों को सांस लेने में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ा। सुबह के समय अचानक लगी इस आग के बाद हवा में जलते हुए प्लास्टिक और कचरे की तेज दुर्गंध फैलने लगी। सेक्टर-70, 72 और आसपास की सोसायटियों को अपनी चपेट में ले लिया। मुख्य सड़क पर विजिबिलिटी कम होने के कारण वाहन चालकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बताया जा रहा है कि धुंए के कारण सोसाइटियों में रहने वाले बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कत हुई। आग का धुआं खिड़कियों और वेंटिलेशन के जरिए घरों के अंदर तक घुस गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। वहीं, पुलिस की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को संभाला।

इधर, मंगलवार शाम को जीएमडीए ऑफिस के फर्स्ट फ्लोर में आग लगने से हड़कंप मच गया। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची। फिलहाल आग लगने का कारण नहीं पता लग सका है। आग लगने के दौरान फस्ट फ्लोर को खाली करवाया गया। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं।

रेकमेंडेड खबरें