हरियाणा का टप्पेबाज परिवार उड़ा रहा था महिलाओं के जेवर

नवभारतटाइम्स.कॉम

मड़ियांव पुलिस ने महिलाओं के जेवर चुराने वाले हरियाणा के एक टप्पेबाज गिरोह के पांच सदस्यों को पकड़ा है। इस गिरोह में तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। इन्होंने लखनऊ में कई महिलाओं को निशाना बनाया था। पुलिस ने इनके पास से सोने के जेवर और नकदी बरामद की है। यह गिरोह सवारी वाहनों में महिलाओं को ठगता था।

हरियाणा का टप्पेबाज परिवार उड़ा रहा था महिलाओं के जेवर

nNBT न्यूज, लखनऊ : सवारी वाहन में महिलाओं के जेवर उतारने वाले टप्पेबाज गिरोह के पांच सदस्यों को मड़ियांव पुलिस ने सोमवार रात गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपितों में हरियाणा के तीन महिलाएं दो पुरुष शामिल हैं। आरोपितों ने मड़ियांव में 6 महिलाओं और गोमती नगर में एक महिला को निशाना बनाया था। पुलिस ने उनके पास से 29400 रुपये, सोने का हार, मंगलसूत्र, अंगूठी, मांग टीका, टॉप्स और दो चेन बरामद की है।

एडीसीपी नॉर्थ ट्विंकल जैन ने बताया कि पकड़े गए टप्पेबाज हरियाणा के पलवल गदपुरी निवासी जय प्रकाश जैकी, उसकी पत्नी अनीता, मनोज जत्थु उसकी पत्नी रजनी और एक महिला रामवती है। सभी चिनहट में मल्हौर स्टेशन के पास किराए पर रहते थे। सभी ने मिलकर 24 अप्रैल को गोमती नगर निवासी मनीष की पत्नी और 8 मई को त्रिवेणी नगर निवासी पुनीता की चेन चोरी की थी। इसके अलावा इसी गिरोह के सदस्यों ने 5 अन्य महिलाओं को भी निशाना बनाया था।

ट्विंकल जैन ने बताया कि टप्पेबाजों की गिरफ्तारी के लिए मड़ियांव इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा, एसआई नितिन, कप्तान सिंह, व अन्य टीमें लगी थी। जांच के दौरान पुलिस को टप्पेबाजों का फुटेज मिल गया था। इसके बाद सर्विलांस की मदद से पूरे गिरोह को गिरफ्तार किया जा सका।

रेकमेंडेड खबरें