पार्क में डंडे से ताबड़तोड हमला कर दोस्त की हत्या

नवभारतटाइम्स.कॉम

लखनऊ के बाजारखाला इलाके में मंगलवार दोपहर पार्क में खाने-पीने को लेकर हुए विवाद में पिंटू ने अपने दोस्त विजय गौतम की डंडे से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। दोनों शराब के नशे में थे। सीसीटीवी फुटेज में पिंटू डंडा ले जाते और भागते हुए दिखा है। पुलिस ने पिंटू को हिरासत में ले लिया है।

lucknow dispute between drunken friends in park one killed with repeated blows of a stick

nNBT न्यूज, लखनऊ : बाजारखाला इलाके में मंगलवार दोपहर पार्क में हुए विवाद के बाद डंडे से कई हमला कर दोस्त की हत्या कर दी। दोनों एक दूसरे के गले में हाथ डालकर पार्क में पहुंचे थे। कुछ देर बाद खाने-पीने को लेकर दोनों में विवाद हो गया। सीसीटीवी फुटेज में हत्यारोपित डंडा ले जाते नजर आया है। पीड़ित की मां की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपित को हिरासत में ले लिया है।

बाजारखाला के संजय नगर निवासी रामकली का बेटा विजय गौतम (40) मौलवीगंज में एक दुकान में रजाई, गद्दे भरने का काम करता था। वह पूर्व में बुलाकी अड्डे में स्थित एक दुकान में काम करता था। वहीं पास में रहने वाले पांडेय तालाब निवासी पिंटू से उसकी दोस्ती थी। बहनोई विशाल सक्सेना ने बताया कि मंगलवार सुबह 10 बजे विजय भंडारे में प्रसाद बांटने के लिए घर से निकल गया था। दोपहर 1ः30 बजे उन्हें बाजारखाला पुलिस ने विजय की हत्या की सूचना दी। विजय का शव तिलक नगर में महाराजा अग्रेसन पार्क में पड़ा मिला। फोटो के जरिए परिवारीजनों ने शव की पहचान की। थाना प्रभारी बृजेश सिंह के मुताबिक विजय और पिंटू शराब पीने के आदी थे। मंगलवार को दोनों शराब के नशे में पार्क में गए थे। खाने-पीने के दौरान दोनों का विवाद हो गया। पिंटू ने विजय के सिर और चेहरे पर डंडे से ताबड़तोड़ कई वार कर उसकी हत्या कर दी। फिर वह भाग निकला। डीसीपी कमलेश दीक्षित ने बताया कि पार्क और आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज में विजय और पिंटू गले में हाथ डालकर पार्क में जाते नजर आए हैं। फिर पिंटू पार्क के अंदर डंडा ले जाते दिखा है। जिसके बाद डंडा लेकर पिंटू भागते हुए पार्क से निकलता हुआ दिखा। पुलिस को घटनास्थल से बीस का नोट व खाने-पीने का सामान मिला है। इस मामले में विजय की मां ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया है। विजय की मौत की सूचना से भाई अंकित, बहन निशा का बुरा हाल है। उसकी पांच बहनों की शादी हो चुकी है। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

पार्क में काम कर रहे मजदूरों को नहीं लगी भनक

पिंटू ने विजय के सिर और चेहरे पर डंडे से कई जोरदार वार किए हैं। विजय की दाहिनी आंख चेहरे में धंस गई जबकि बाईं आंख चेहरे से बाहर निकल आई। सिर के पीछे की ओर का मांस बाहर निकल गया। जमीन और लोहे की बेंच खून से सनी मिली है। अंदाजा लगाया जा रहा है कि दोनों के बीच काफी देर तक संघर्ष हुआ। सूत्रों के अनुसार पार्क में दो मजदूर घास काट रहे थे, लेकिन मजदूरों और स्थानीय लोगों को मारपीट की भनक तक नहीं लगी।

हत्या के बाद ठेके पर शराब पीता मिला

पिंटू ने बताया कि उसने हत्या करने की नियत से विजय पर डंडे से वार नहीं किए थे। विजय निढाल होकर मौके पर गिर गया। यह देख पिंटू भाग निकला। फिर वह ऐशबाग में स्थित एक ठेके पर शराब पीने लगा। इस बीच सीसीटीवी फुटेज के जरिए पुलिस ने हत्यारोपित पिंटू की पहचान कर ली। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने आरोपित को शराब के ठेके से हिरासत में ले लिया।

रेकमेंडेड खबरें