n NBT रिपोर्ट,लखनऊ
दोस्तों के साथ थाईलैंड के फुकेट घूमने गए गोमतीनगर निवासी कुशाग्र अग्रवाल की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। कुशाग्र आठ मई की रात अपने चार दोस्तों संग एक कैफे में खाना खाने गया था, जहां कुशाग्र और उसके तीन दोस्त देररात संदिग्ध हालात में बेहोश हो गए। चारों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान कुशाग्र की मौत हो गई, जबकि एक अन्य की हालत गंभीर है।
गोमतीनगर के विशालखंड इलाके में रहने वालीं टीचर का बेटा कुशाग्र शहर में रहने वाले अपने दोस्तों राहुल अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, अमन अग्रवाल और भोपाल के रहने वाले आर्यन वर्मा के साथ थाईलैंड घूमने गया था। पांचों दोस्त थाईलैंड के फुकेट में कमला बीच स्थित एक कैफे में आठ मई की रात 11 बजे गए थे। थाईलैंड पुलिस के मुताबिक वहां पर पांचों ने खाना खाया। रात 1:45 बजे कुशाग्र, अमन और दोनों राहुल संदिग्ध हालात में बेहोश हो गए।
कैफे के कर्मचारियों ने फुकेट पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने चारों को अस्पताल में भर्ती करवाया। कुशाग्र और राहुल को हालत गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिए वचिरा फुकेट अस्पताल में ले जाया गया। जहां 9 मई को कुशाग्र की मौत हो गई।
(इनपुट: एजेंसी)

