NBT न्यूज, ग्रेनो : डेरीन गांव में 500 रुपये के विवाद में पेंटर रामौतार की चाकू मारकर हत्या करने के मामले में जिला न्यायालय ने विजय हरिकिशन (हबीबपुर) को दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई है। अदालत ने आरोपी पर 20 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। जुर्माना अदा नहीं करने पर छह महीने का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। अभियोजन के अनुसार, रामौतार (बदायूं ) डेरीन गांव में किराये पर रहकर पुताई का काम करते थे। 7 मार्च 2023 की रात करीब 8:30 बजे आरोपी विजय हरिकिशन उनके कमरे पर पहुंचा और काम के 500 रुपये मांगने लगा। उस समय आरोपी शराब के नशे में था। रामौतार ने सुबह पैसे देने की बात कही तो दोनों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान विजय ने चाकू से रामौतार के पेट पर वार कर दिया और मौके से फरार हो गया। घायल रामौतार को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसरख ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे नोएडा फिर सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान 9 मार्च 2023 को उनकी मौत हो गई।

