nNBT न्यूज, चिनहट : थानाक्षेत्र में 14 वर्षीय छात्र को सोशल मीडिया के जरिए ब्लैकमेल कर मारपीट और लूटपाट का मामला सामने आया है।
बुद्ध विहार कॉलोनी निवासी महिला ने पुलिस को बताया कि एक युवक इंस्टाग्राम पर उनके बेटे को लंबे समय से धमकाकर पैसे मांग रहा था। आरोपित ने अपने साथी के पास अवैध हथियार होने की बात कहकर बच्चे को डराया। भय के चलते छात्र दो बार में दो हजार रुपये दे चुका था। सोमवार को आरोपित ने फिर पैसे मांगे। मना करने पर विशाल मेगामार्ट के पास आरोपित और उसके आठ साथियों ने छात्र को रोक लिया। आरोपितों ने असलहा दिखाकर मारपीट की, जिससे छात्र की आंख और शरीर पर चोटें आईं। एडमिशन के लिए रखे रुपये भी छीन लिए गए। परिवारीजनों ने अस्पताल में इलाज कराने के बाद पुलिस को इंस्टाग्राम चैट, लेनदेन के सबूत और मेडिकल रिपोर्ट सौंपी है। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

