n NBT न्यूज, बल्लभगढ़ : जिला जेल में बंदियों के बीच हिंसक झगड़े का मामला सामने आया है। गिनती के समय बैरक में अचानक शुरू हुई मारपीट में दो बंदी घायल हो गए। मामले में चार हवालाती बंदियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
जेल प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, 10 मई की शाम करीब 6:15 बजे बैरक नंबर-3 में मौजूद बंदी सिद्धांत, पारस, ललित और मनीष के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि मनीष ने पारस को मुक्कों और लात-घूंसों से पीटा, जबकि ललित ने सिद्धांत पर नुकीली कील से हमला कर दिया। शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे जेल कर्मचारियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर सभी बंदियों को अलग किया। इस झगड़े में सिद्धांत और पारस को मामूली चोटें आईं। दोनों को पहले जेल के चिकित्सा अधिकारी द्वारा प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उन्हें सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस संबंध में जेल उप अधीक्षक (सुरक्षा) साजिद खान ने थाना सदर बल्लभगढ़ पुलिस को शिकायत भेजी।


