Shanker.Singh
@timesofindia.com
n नई दिल्ली: अरुण जेटली स्टेडियम के बाहर IPL मैचों के कॉम्प्लिमेंट्री पास और टिकटों की कालाबाजारी के केस की जांच दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट असोसिएशन ( DDCA ) तक पहुंच गई है। क्राइम ब्रांच ने डीडीसीए के सचिव, चीफ एग्जिक्यूटिव ऑफिसर (CEO) और उनके निजी सहायक (PA) को नोटिस भेजा है। तीनों को टिकट बंटवारे के रिकॉर्ड समेत गुरुवार सुबह शकरपुर स्थित क्राइम ब्रांच के ऑफिस आने को कहा गया है। नोटिस मिलने के बाद दिल्ली क्रिकेट में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अफसरों के मुताबिक, डीडीसीए के सचिव अशोक शर्मा ‘मामा’, सीईओ आरआर सिंह और उनके पीए राकेश को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 179 के तहत नोटिस दिया गया है। इसके मुताबिक, पुलिस किसी केस की जांच के दौरान बतौर ‘गवाह’ किसी भी शख्स को तलब कर सकती है।
नोटिस में पूछा गया है कि कॉम्प्लिमेंट्री पास या टिकट किसकी कस्टडी में रहते हैं, उन्हें किस तरह से इश्यू किया जाता है? पुलिस अफसरों का कहना है कि अगर जांच के दौरान डीडीसीए के कुछ और पदाधिकारियों को बुलाने की जरूरत पड़ेगी तो उन्हें भी नोटिस जारी किया जाएगा। जांच में पता चला है कि कुछ वेंडर्स का भी अवैध तरीके से एक्रीडिटेशन कार्ड बना है।


