पीटीआई, नई दिल्ली: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ( EPFO ) जल्द ही पीएफ के फाइनल सेटलमेंट की प्रक्रिया को पूरी तरह ऑटोमैटिक करने जा रहा है। एक बड़े अधिकारी ने बुधवार को बताया कि इससे पैसा सीधे और तेजी से सदस्यों के बैंक खातों में पहुंच जाएगा। फिलहाल, 5 लाख रुपये तक के आंशिक या अडवांस पैसे निकालने की सुविधा ही ऑटो मोड पर है। इसमें क्लेम करने के 3 दिन के भीतर पैसा मिल जाता है।
एक कार्यक्रम में बोलते हुए EPFO के सेंट्रल प्रोविडेंट फंड कमिश्नर रमेश कृष्णमूर्ति ने ये जानकारी देते हुए बताया कि अगर कोई सदस्य अपनी नौकरी बदलता है, तो उसके पीएफ खाते का ट्रांसफर भी अब अपने आप (ऑटो-ट्रांसफर) हो जाया करेगा। कृष्णमूर्ति ने कहा, अब आपको इसके लिए कोई फॉर्म भरने की जरूरत नहीं पड़ेगी। हम आपके पुराने खाते को नए खाते के साथ अपने आप जोड़ने की कोशिश करेंगे। नए लेबर कोड के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि नियमों को बहुत सरल और आसान बनाने की कोशिश की गई है।


