n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
सेक्टर-55 क्षेत्र में गोल्ड लोन ट्रांसफर कराने के नाम पर एक निजी फाइनैंस कंपनी के कर्मचारी से 7 लाख 52 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले कम ब्याज दर का लालच दिखाकर कंपनी कर्मचारी का विश्वास जीता और फिर सुनियोजित तरीके से रकम लेकर फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस चौकी सेक्टर-55 को दी शिकायत में फरीदपुर निवासी पुनित ने बताया कि वह सेक्टर-29 हुड्डा मार्केट स्थित बजाज फाइनैंस लिमिटेड शाखा में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। उनकी कंपनी गोल्ड लोन की सुविधा भी प्रदान करती है। शिकायतकर्ता के अनुसार 7 मई को आसिफ खान नामक युवक उनकी शाखा में आया और बताया कि उसने सेक्टर-55 हुड्डा मार्केट स्थित एक गोल्ड लोन कंपनी में अपना सोना गिरवी रखा हुआ है, जहां उससे अधिक ब्याज वसूला जा रहा है।
आरोपी ने कहा कि वह अपना सोना छुड़वाकर कम ब्याज पर बजाज फाइनैंस में गोल्ड लोन ट्रांसफर कराना चाहता है। पुनित ने बताया कि आरोपी ने अपने दस्तावेज और संबंधित गोल्ड लोन कंपनी की स्लिप उन्हें दिखाई। सभी कागजात सही प्रतीत होने पर उन्होंने कंपनी की शर्तें आरोपी को समझाईं। इसके बाद 11 मई को आरोपी दोबारा शाखा में पहुंचा। आरोपी के कहने पर शिकायतकर्ता ने कंपनी खाते से सेक्टर-3 स्थित कोटक महिंद्रा बैंक की शाखा में एसआर एंटरप्राइजेज के खाते में 7 लाख 52 हजार रुपये आरटीजीएस के माध्यम से ट्रांसफर कर दिए, ताकि पुरानी कंपनी का बकाया चुकाकर सोना छुड़वाया जा सके। रकम ट्रांसफर होने के बाद पुनित आरोपी के साथ सेक्टर-55 स्थित गोल्ड लोन कंपनी के कार्यालय पहुंचे। वहां आरोपी यह कहकर ऊपर चला गया कि वह अपना सोना लेकर आता है। शिकायतकर्ता नीचे इंतजार करता रहा, लेकिन करीब दो घंटे बाद भी आरोपी वापस नहीं लौटा। बाद में पता चला कि आरोपी किसी बाइक सवार के साथ मौके से फरार हो गया है।


