n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद : हरियाणा राज्य स्तरीय सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता-2026 में फरीदाबाद के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाया है। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को यातायात पुलिस कार्यालय में सम्मानित किया गया। इस दौरान डीसीपी ट्रैफिक जयबीर सिंह ने विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया।
हरियाणा पुलिस द्वारा आयोजित 8वीं राज्य स्तरीय सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन 6 मई को किया गया था। प्रतियोगिता में पूरे प्रदेश से करीब 43 लाख विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों और युवाओं को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना था, ताकि भविष्य में सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सके। कार्यक्रम में हरियाणा पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। डीसीपी ने बताया कि फरीदाबाद जिले के कई विद्यार्थियों ने इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रथम स्तर में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले आहान, निहाल और रिधान ने विशेष उपलब्धि हासिल की।


