n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद
मौसम का मिजाज अब तेजी से बदलने वाला है। पिछले दिनों हुई छिटपुट बारिश और बादलों की आवाजाही के बाद अब गर्मी बढ़ने वाली है। मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक आने वाले एक सप्ताह के भीतर जिले के तापमान में जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।
7 दिनों का पूर्वानुमान
अगले कुछ दिनों में गर्मी का ग्राफ काफी तेजी से ऊपर जाने वाला है। मौसम विभाग द्वारा जारी तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो 14-15 मई में आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करेगी। शनिवार से मौसम पूरी तरह साफ हो जाएगा और आसमान से आग बरसने लगेगी। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान भी 28 डिग्री के आसपास रहेगा, जिससे रातें भी गर्म होने लगेंगी। यह स्थिति पूरे सप्ताह बनी रहेगी। जैसे-जैसे पारा 40 डिग्री के पार जाएगा, हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ जाएगा। 17 मई के बाद गर्मी का असर अपने चरम पर रहने की संभावना है। ऐसे में दोपहर के समय जरूरी काम के चलते ही बाहर निकलें।


