n NBT न्य़ूज, पलवल : सफाई कर्मचारियों की हड़ताल जारी है। बुधवार को ग्रामीण सफाई कर्मचारी भी समर्थन में आए और रोष मार्च निकाल कर लघु सचिवालय पर प्रदर्शन किया। कर्मचारी संघ के जिला प्रधान अशोक कुमार ने बताया कि जिले के करीब 350 सफाई कर्मचारी हड़ताल पर हैं। हड़ताल 14 मई तक जारी रहेगी और यदि सरकार उनकी मांगें नहीं मानी तो इसे आगे भी बढ़ाया जाएगा। प्रदेश सचिव सुनील कुमार ने कहा कि उनकी मांगों में हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के फैसलों के अनुसार कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना, ठेकेदारी प्रथा समाप्त कर डोर-टू-डोर कर्मचारियों को पेरोल पर लेकर नियमित करना, तथा पक्का होने तक समान काम के लिए समान वेतन देना शामिल है। सफाई और सीवर कर्मचारियों को जोखिम भरे कार्य के लिए हर महीने पांच हजार रुपये का जोखिम भत्ता देने की मांग की गई है। ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने भी नगर परिषद के सफाई कर्मियों का समर्थन किया। गुर्जर धर्मशाला में एकत्रित हुए और वहां से जुलूस निकालते हुए डीसी कार्यालय पहुंचे।


